ग्राम तुस्मा गौठान में गोवंश की दुर्दशा से मचा हड़कंप, चारा-पानी और इलाज के अभाव में दर्जनों गायों की मौत का आरोप
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुस्मा स्थित गौठान में गोवंश की दुर्दशा का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गौठान में चारा, पानी और उचित इलाज के अभाव में दर्जनभर से अधिक गायों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य मवेशी बीमार, कमजोर और बदहाल स्थिति में हैं। गौठान परिसर में दुर्गंध फैलने की बात भी कही जा रही है।
मठ क्षेत्र और मीडिया प्रभारी के गृहग्राम से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला इसलिए और भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि ग्राम तुस्मा को श्री शिवरीनारायण मठ के पीठाधीश्वर एवं छत्तीसगढ़ राज्य गो सेवा आयोग, रायपुर के पूर्व अध्यक्ष राजश्री महंत रामसुंदर दास के मठ क्षेत्र और उनके मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव का गृहग्राम बताया जा रहा है। ऐसे प्रतिष्ठित क्षेत्र में गोवंश की इस तरह की स्थिति सामने आने से स्थानीय व्यवस्था और गौसेवा के दावों पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों की मांग और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि बीमार पशुओं के उपचार की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी और समय पर चारा-पानी न मिलने के कारण मवेशियों की जान गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जाँच दल भेजने, गौठान का निरीक्षण करने, मृत पशुओं की वास्तविक संख्या दर्ज कर उनका पोस्टमार्टम कराने तथा अभिलेखों (चारा खरीदी, भुगतान और पशुओं की देखरेख) की उच्चस्तरीय जाँच की माँग की है।
Hardoi, Hardoi | Oct 31, 2026