चंबा मेडिकल कॉलेज में आग से बचाव को लेकर मॉक ड्रिल, मरीजों को सुरक्षित निकालने का किया अभ्यास
NDRF, पुलिस, होमगार्ड और अग्निशमन विभाग की टीमों ने लिया हिस्सा, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा
चंबा 17 नवंबर
पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में आगजनी जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान अस्पताल में आग लगने की स्थिति में बचाव कार्य शुरू करने और मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का व्यावहारिक अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान संबंधित टीमों ने आग लगने की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई, मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से अस्पताल में भर्ती बुजुर्गों, गंभीर रूप से बीमार मरीजों और ऐसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिन्हें स्वयं चलने-फिरने में कठिनाई होती है।
इस अभ्यास में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग, स्टाफ नर्स, डीडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप सिंह और प्रधानाचार्य डॉ. पंकज गुप्ता भी उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना और किसी भी अप्रिय घटना के दौरान जान-माल के नुकसान को कम करना रहा।
अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थानों में इस प्रकार के अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि यहां मरीजों की सुरक्षा और समय पर बचाव कार्य शुरू करना सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है।
TRIBAL LIVE NEWS
The Voice of Tribal
Chamba, Chamba | Nov 17, 2026