अस्पताल मोड़ पर ऑटो का कब्जा, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
जहानाबाद : शहर के अतिव्यस्त झलका अस्पताल मोड़ से सब्जी मंडी होते हुए निचली रोड जाने वाले रास्ते पर ऑटो चालकों का कब्जा बना हुआ है। सड़क पर बेतरतीब तरीके से ऑटो खड़े रहने के कारण राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दशहरा को लेकर बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में सड़क पर ऑटो का जमावड़ा लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सब्जी मंडी और निचली रोड में खरीदारी करने जाते हैं। सड़क पर ऑटो खड़े रहने से रास्ता संकरा हो जाता है। इससे पैदल चलने वालों के साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। त्योहार के कारण बाजार में बढ़ी भीड़ के बीच स्थिति और गंभीर हो गई है।यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद ऑटो चालकों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बताया जाता है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से प्रतिदिन जुर्माना भी वसूला जाता है, लेकिन इसके बाद भी सड़क पर ऑटो खड़े करने का सिलसिला जारी है। इससे यातायात पुलिस की कार्रवाई का अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा है।शहरा के मद्देनजर बाजार में भीड़ को देखते हुए इस मार्ग पर ऑटो के अनियंत्रित ठहराव पर रोक लगाने की जरूरत है। स्थानीय लोगों ने यातायात पुलिस से नियमित निगरानी करने, ऑटो के लिए निर्धारित स्थान सुनिश्चित करने और सड़क को अतिक्रमणमुक्त रखने की मांग की है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को जाम और आवागमन की परेशानी से राहत मिल सके।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 12, 2026