बाँदा :-मंदाकिनी में उफान: कमिश्नर और डीआईजी चित्रकूट ने किया रामघाट का निरीक्षण, बाढ़ को लेकर अलर्ट
ड्रोन से हो रही निगरानी, NDRF-SDRF तैनात, श्रद्धालुओं से नदी से दूर रहने की अपील
चित्रकूट। जनपद चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शनिवार को कमिश्नर, चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा व डीआईजी चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा द्वारा रामघाट एवं निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर व डीआईजी ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया।
प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की ड्रोन कैमरे से सतत निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF एवं SDRF की टीमें मौके पर सक्रिय हैं और लगातार रेस्क्यू कार्य में जुटी हुई हैं। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आमजन और चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी और गहरे पानी के निकट न जाएं। बाढ़ के दौरान जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी सहायता के लिए प्रशासन के कंट्रोल रूम से संपर्क करें।
Atarra, Banda | Aug 29, 2026