बाँदा :-ऑपरेशन मुस्कान” के तहत थाना बदौसा पुलिस टीम ने 12 वर्षों से लापता व्यक्ति की पहचान कराकर परिजनों से मिलाया, सकुशल सुपुर्द कर परिवार में लौटाईं खुशियां ।*
*विवरण-* पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज के नेतृत्व में चलाये जा रहे अभियान *“ऑपरेशन मुस्कान”* के क्रम में थाना बदौसा पुलिस टीम द्वारा करीब 12 वर्षों से लापता व्यक्ति की पहचान कराकर आज दिनांक 30.08.2026 को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया । गौरतलब है कि दिनांक 25.08.2026 को थाना बदौसा क्षेत्रान्तर्गत सायंकालीन चेकिंग के दौरान फतेहगंज तिराहा पर पुलिस टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला । पुलिस टीम द्वारा उसे रोककर पूछताछ की गयी, किन्तु उसकी भाषा स्पष्ट रूप से समझ में नहीं आ रही थी तथा वह अपना नाम-पता एवं निवास स्थान स्पष्ट रूप से बताने में असमर्थ था । व्यक्ति की सुरक्षा एवं वास्तविक पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उसे थाना बदौसा लाया गया, जहां पुलिस टीम द्वारा उसे विश्वास में लेकर एवं सांत्वना देते हुए पुनः पूछताछ की गयी । पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम मो0 सफीउर्रहमान पुत्र हुसैन अली निवासी ग्राम वरगुला जनपद बोंगाईगांव (असम) बताया । पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं इंटरनेट माध्यमों से संबंधित थाना क्षेत्र से संपर्क स्थापित कर उसके भाई शुजाउल हक निवासी ग्राम बलारपेट थाना अभयापुरी जनपद बोंगाईगांव (असम) से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया । तत्पश्चात वीडियो कॉल के माध्यम से पहचान करायी गयी, जिस पर उसके भाई द्वारा उक्त व्यक्ति की पहचान अपने भाई मो0 सफीउर्रहमान के रूप में की गयी । पहचान की पुष्टि हेतु पहचान संबंधी दस्तावेज प्राप्त कर विवरण का मिलान किया गया तथा फोटो एवं वीडियो के माध्यम से भी पहचान सुनिश्चित की गयी । आज दिनांक 30.08.2026 को मो0 सफीउर्रहमान के परिजन थाना बदौसा पहुंचे । आवश्यक सत्यापन एवं नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही पूर्ण करने के उपरान्त मो0 सफीउर्रहमान को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया । करीब 12 वर्षों बाद अपने बिछड़े परिजन को सकुशल पाकर परिजनों की आंखें खुशी से नम हो गयीं तथा उन्होंने बांदा पुलिस की कार्यशैली एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया ।
Atarra, Banda | Aug 30, 2026