मैहला के पालगा में महिला शक्ति से संवाद, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सामूहिक सहभागिता पर जोर
एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर ने महिला मंडल सदस्यों से सुनीं समस्याएं, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी हुई चर्चा
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत फागड़ी के पालगा में एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने महिला मंडल पालगा की सदस्यों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए उनके विचार सुने।
ललित ठाकुर ने कहा कि महिला शक्ति समाज की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने चिट्टा जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर युवाओं को नशे से दूर रखने और इस बुराई को क्षेत्र में फैलने से रोकने के लिए प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संकल्प को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। प्राकृतिक खेती के माध्यम से किसानों की आय को मजबूत करने के साथ-साथ पौष्टिक एवं प्राकृतिक अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देकर बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में भी आगे बढ़ा जा सकता है।
बैठक में महिला मंडल पालगा की प्रधान कुंता देवी, सचिव रीता देवी, उपप्रधान प्रीतो देवी, कोषाध्यक्ष तृप्ता देवी सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।
ललित ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के प्रबुद्धजनों और स्थानीय लोगों द्वारा उनके समक्ष रखी गई कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया, जबकि शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि मेरे ध्यान में लाई गई समस्याओं का बहुत जल्द समाधान करवाने में सफलता मिलेगी। क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को गति देना मेरी प्राथमिकता है।”