नवीन दुग्ध समितियों के 30 सदस्य तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए उज्जैन रवाना
स्वच्छ दुग्ध उत्पादन एवं दुग्ध उत्पादन में वृद्धि की तकनीकों का लेंगे प्रशिक्षण
राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (NPDDP) योजना अंतर्गत इंदौर दुग्ध संघ से संबद्ध दुग्ध संयंत्र झाबुआ के अंतर्गत गठित नवीन दुग्ध समितियों की प्रबंधकारिणी के 30 सदस्यों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए उज्जैन दुग्ध संघ भेजा गया।
प्रशिक्षण दल की बस को पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक श्री अमरसिंह दिवाकर, दुग्ध संघ प्रबंधक श्री सोहनसिंह कनेश, श्री अरविंद नागर, सुपरवाइजर श्री उमेश दातला एवं श्री प्रताप बामनिया तथा चेतना समूह के प्रबंधक श्री अजहर खान द्वारा हरी झंडी दिखाकर उज्जैन के लिए रवाना किया गया। प्रशिक्षण दल का नेतृत्व श्री दीपसिंह अमलियार द्वारा किया जा रहा है।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान दुग्ध समितियों के सदस्यों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों, दुग्ध संग्रहण एवं प्रबंधन सहित डेयरी व्यवसाय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को उज्जैन दुग्ध संघ का भ्रमण कराकर दुग्ध संकलन, प्रसंस्करण एवं विपणन की कार्यप्रणाली से व्यावहारिक रूप से अवगत कराया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट दुग्ध समितियों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे सदस्य वहां अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों एवं नवाचारों को समझकर अपनी समितियों में उनका उपयोग कर सकें।
प्रशिक्षण का उद्देश्य नवीन दुग्ध समितियों के प्रबंधकारिणी सदस्यों की कार्यक्षमता में वृद्धि करने के साथ पशुपालकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना तथा दुग्ध उत्पादन एवं गुणवत्ता में वृद्धि के माध्यम से उनकी आय बढ़ाने में सहयोग प्रदान करना है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026