कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. एम.एल. चौपड़ा ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिटोल का औचक निरीक्षण
पीएनसी वार्ड, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चौपड़ा द्वारा बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिटोल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. चौपड़ा ने पीएनसी वार्ड का निरीक्षण किया तथा वार्ड में भर्ती प्रसूताओं से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने माताओं को नवजात शिशु के जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान प्रारंभ कराने के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए आवश्यक समझाइश दी।
सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने तथा अस्पताल परिसर एवं वार्डों में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सक डॉ. विजेंद्र कुमार मेरावत ने स्वास्थ्य केंद्र में पानी की समस्या से सीएमएचओ को अवगत कराया। इस पर डॉ. चौपड़ा ने तत्काल स्थानीय सरपंच से दूरभाष पर चर्चा की तथा स्वास्थ्य केंद्र में पानी की समस्या के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने को कहा।
इस दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमेन्द्र देवड़ा, प्रभारी चिकित्सक डॉ. विजेंद्र कुमार मेरावत एवं जिला मीडिया अधिकारी श्री प्रेम डेनियल उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
7 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026