दूध की विशेष जांच अभियान के तहत 12 नमूनों की मौके पर जांच
रैपिड टेस्टिंग किट से जांच में सभी नमूने मानक स्तर के पाए गए
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित दूध की विशेष जांच अभियान के तहत झाबुआ जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कल्याणपुरा एवं रायपुरिया क्षेत्र की विभिन्न दूध डेयरियों का आकस्मिक निरीक्षण कर दूध की मौके पर ही जांच की गई।
अभियान के दौरान कल्याणपुरा स्थित श्रीराम दूध डेयरी तथा रायपुरिया स्थित विश्वमंगल दूध डेयरी, श्रीकृष्ण दूध डेयरी, भेरूलाल मकवाना दूध डेयरी एवं महाकाल दूध डेयरी से दूध के कुल 12 नमूने लिए गए। इन नमूनों की रैपिड टेस्टिंग किट के माध्यम से मौके पर ही जांच की गई।
रैपिड जांच के दौरान दूध में यूरिया, सुक्रोज, ग्लूकोज, सॉल्ट, माल्टोडेक्सट्रिन, हाइड्रोजन परॉक्साइड एवं न्यूट्रलाइजर सहित मिलावट संबंधी विभिन्न पैरामीटर की स्ट्रिप के माध्यम से जांच की गई। वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार की गई जांच में सभी 12 नमूने मानक स्तर के पाए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में आमजन को गुणवत्तापूर्ण दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के तहत विभिन्न दूध डेयरियों, दूध संग्रहण केंद्रों एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर दूध की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
जांच कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा एवं श्री वेल सिंह मोरी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP
21 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Sep 4, 2026