फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई।
सबसे पहले पिछली बैठक की अनुपालन आख्या की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले का औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं का पारदर्शी व त्वरित निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, ताकि उद्यमी मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ भयमुक्त माहौल में अपने उद्योगों का विस्तार कर सकें।
यूपीसीड़ा औद्योगिक टाउनशिप में बैंक शाखा खोलने की मांग पर अवगत कराया गया कि मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा को परिसर से बाहर स्थानांतरित करने और नाम परिवर्तन हेतु क्षेत्रीय प्रबंधक (आगरा) को पत्र भेजा जा चुका है।
जिलाधिकारी ने इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं, जलेसर रोड औद्योगिक क्षेत्र में 132 केवीए उपकेंद्र स्थापित करने के लिए 40 एकड़ भूमि से संबंधित दस्तावेज उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को प्रेषित किए जा चुके हैं। टूंडला मिनी औद्योगिक आस्थान में बिजली कटौती की समस्या पर अधिशासी अभियंता को स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के लिए कहा गया। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर डबरई से सांती तक नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने हेतु उप जिलाधिकारी सदर द्वारा रिक्त भूमि का चिह्नांकन किया जा रहा है।
आकाशवाणी ग्लास रोड पर अवैध अतिक्रमण और बिना लाइसेंस नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त के नेतृत्व में कमेटी गठित कर अतिक्रमणकारियों पर पेनल्टी लगाने के आदेश दिए, ताकि समस्या का स्थाई समाधान हो सके। मीरा चौराहे से संत ग्लास लालऊ रोड पर एलईडी लाइटें स्थापित कर दी गई हैं तथा जलभराव व गंदगी दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ककरऊ कोठी से जिला कारागार तक 60 स्ट्रीट लाइटें पुनः लगाने के लिए उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान 2026-27 की समीक्षा भी की गई। जिले को आवंटित 1900 के लक्ष्य के सापेक्ष 1536 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से बैंकों द्वारा केवल 420 आवेदन ही स्वीकृत किए गए। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि इस कार्य में शिथिलता बरतने वाले बैंक प्रबंधकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक सुभाष चन्द्र त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सुदर्शन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
👉 जिले की तमाम छोटी-बड़ी और सटीक खबरों के लिए हमारे पेज को Like और Follow ज़रूर करें!
👉 इस खबर को ज्यादा से ज्यादा Share करके अन्य लोगों तक पहुंचाएं!
#Firozabad #FirozabadNews #DMFirozabad #FirozabadAdmin #UdyogBandhu #UPNews #UPGovernment #FirozabadUpdates #ViralNews #TrendingNews #FollowForMore