भिवानी पहुंचे एआईसीसी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, पत्रकार वार्ता को किया संबोधित
वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी, मुकदमों से डरने वाले नहीं : प्रदीप नरवाल
प्रदीप गुलिया जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला : नरवाल
सोनिया गांधी की पुस्तक में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहराई से प्रकाश : प्रदीप नरवाल
भिवानी, 13 नवंबर : स्थानीय विजय नगर स्थित एआईसीसी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल के निवास पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदीप नरवाल ने प्रदेश और देश से जुड़े विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान कर्मचारियों के समर्थन में आवाज उठाने पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी के खिलाफ दर्ज एफआईआर, वोट चोरी के मुद्दे, देश में बढ़ते वायु प्रदूषण और सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक को लेकर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदीप नरवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की कार्यशैली लगातार लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हमेशा लोकतंत्र में उठने वाली आवाजों को दबाने का प्रयास किया है। पहले कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात किया जाता है और जब कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं तो उनकी आवाज सुनने के बजाय उनके समर्थन में खड़े होने वाले लोगों पर मुकदमे दर्ज करवाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी ने नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान उनके समर्थन में आवाज उठाई थी। ऐसे में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिहाज से चिंताजनक है।
नरवाल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने, सरकार की नीतियों की आलोचना करने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जनता और कर्मचारियों की समस्याओं को सुने, न कि उनके पक्ष में बोलने वालों को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी नीतियों का विरोध करने वालों को मुकदमों के माध्यम से डराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस प्रकार की कार्रवाई को स्वीकार नहीं करेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
देश में वोट चोरी के मुद्दे पर बोलते हुए प्रदीप नरवाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से इस विषय को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कभी किसी बहाने तो कभी किसी दूसरे तरीके से इस मुद्दे को दबाने का प्रयास किया, लेकिन अब देश की जनता इस विषय को गंभीरता से समझने लगी है। नरवाल ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद है और मतदाताओं के विश्वास को बनाए रखना प्रत्येक लोकतांत्रिक संस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को देशभर में मजबूती से उठाएगी और जनता के सामने अपनी बात रखेगी। भाजपा चाहे कितने भी मुकदमे दर्ज करवा ले, कांग्रेस इस मुद्दे से पीछे हटने वाली नहीं है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
देशभर में बढ़ते वायु प्रदूषण और एक्यूआई के स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदीप नरवाल ने कहा कि प्रदूषण आज केवल किसी एक शहर या प्रदेश की समस्या नहीं रह गया है, बल्कि यह देश के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता पर्यावरण और आम जनजीवन दोनों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सरकार, प्रशासन और आम नागरिकों सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। नरवाल ने नागरिकों से अपील की कि वे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण आने वाली पीढिय़ों का अधिकार है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रदूषण कम करने के प्रयासों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता के दौरान सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक का जिक्र करते हुए प्रदीप नरवाल ने उसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहराई से प्रकाश डाला गया है। पुस्तक में प्रस्तुत विचार और विषयों का विस्तार से अध्ययन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पुस्तक का महत्व उसके माध्यम से सामने आने वाले विचारों और विषयों की गंभीरता से समझा जा सकता है। इस अवसर पर कमल प्रधान, रेणू बाला जिला उपाध्यक्ष, शिव कुमार चांगिया, अनिल नेहरा, मंदीप सुई, अक्षित घनघस एनएसयूआई, डा. फूल सिंह धनाना, सुमित बराड़, प्रवीण बुरा, अशोक मलिक, विजय नरवाल, नरेश नरवाल, सुधीर ग्रेवाल, सुमित छोटू, सचिन कटारिया, अजीत बवानीखेड़ा, लाला सैनी बवानीखेड़ा, बलबीर सरोहा, राजू बोहल, प्रदीप कपूरिया, अभिषेक बोहल, विजय जताई, जगदीश पूर्व सरपंच कुंगड़ सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।