जालौन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ, योजनाओं के लाभ से स्वावलंबन की ओर बढ़े लाभार्थी
सेवा दिवस—‘आशीर्वाद का दिया’ समारोह में 10 सिलाई मशीन, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली, कृषि उपकरण और नियुक्ति पत्र वितरित
जितेंद्र गुप्ता ✍️। बोल दो भारत
उरई (जालौन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जनपद जालौन में सेवा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा दिवस—आशीर्वाद का दिया’ समारोह का उद्घाटन जिलाधिकारी समीर, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन और कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह की शुरुआत पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन से हुई। इसके बाद डीवीसी (दयानंद वैदिक कॉलेज) एवं जीआईसी (राजकीय इंटर कॉलेज) की छात्राओं ने बुंदेली लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद अतिथियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और जमकर सराहना बटोरी।
कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, अपना दल जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी और भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार, कृषि और रोजगार से जुड़े संसाधनों का लाभ दिया गया। उद्योग विभाग की ओर से 10 सिलाई मशीनें और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली वितरित की गईं। खादी ग्रामोद्योग विभाग ने 50 स्वीकृति पत्र और 3 टूल किट, कृषि विभाग ने 15 स्प्रेयर और 2 कल्टीवेटर, जबकि उद्यान विभाग की ओर से 15 स्प्रिंकलर टूल वितरित किए गए।
इसी क्रम में आईटीआई के 10 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिलने से उनके स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद जताई गई।
समारोह में सीडीओ के.के. सिंह, पीडी अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, डीपीआरओ समेत विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
#Jalaun #Orai #SevaSankalpAbhiyan #SevaDiwas #NarendraModi #PMModi #JalaunNews #OraiNews #UttarPradesh #UPNews #SelfReliance #WomenEmpowerment #YouthEmployment #GovernmentSchemes #JalaunAdministration #DistrictJalaun #SevaAurSamman #AtmanirbharBharat #ViksitBharat #BolDoBharat
Orai, Jalaun | Sep 18, 2026