पहली बार जालौन पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, बुंदेली अंदाज में हुआ स्वागत
मंत्री मनोज पांडे का जालौन में अनोखा स्वागत, ई-रिक्शा, ऊंट-बैलगाड़ी और बग्घियों का दिखा काफिला
सुदामा दीक्षित के आवास पर बैंड-बाजे और फूल मालाओं से हुआ भव्य स्वागत, किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भरोसा
देखिए जितेंद्र गुप्ता की ग्राउंड रिपोर्ट सिर्फ बोल दो भारत पर
उरई। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार जनपद जालौन पहुंचे खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय का जिले भर में भव्य स्वागत किया गया। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए और पुष्पवर्षा कर मंत्री का अभिनंदन किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचाओ संदेश को ध्यान में रखते हुए स्वागत कार्यक्रम को अनोखा स्वरूप दिया गया। स्वागत जुलूस में ई-रिक्शा, बैलगाड़ियां, राजस्थानी ऊंट, घोड़ा गाड़ियां, बग्घियां और बुलडोजर शामिल किए गए। कार्यकर्ताओं ने इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया। पूरे रास्ते फूल-मालाओं और नारों के बीच मंत्री का स्वागत किया गया।
हाल ही में शपथ ग्रहण करने के बाद पहली बार जालौन पहुंचे मंत्री मनोज पाण्डेय ने अपने स्वागत को जनता का स्नेह बताया। उरई मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के बाद वह पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित के आवास पहुंचे, जहां बैंड-बाजों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सुदामा दीक्षित के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने कहा कि खाद्य एवं रसद विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राशन वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गेहूं खरीद केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी और क्रय-विक्रय प्रक्रिया में बिचौलियों की भूमिका समाप्त की जाएगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में करोड़ों लोग निःशुल्क राशन योजना का लाभ ले रहे हैं। अपात्र लाभार्थियों से स्वयं योजना छोड़ने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ा जाएगा। साथ ही मक्का उत्पादन को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ देने और बुंदेलखंड को दलहन उत्पादन का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
दौरे के दौरान मंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर राशन वितरण, पेयजल, सड़क निर्माण तथा अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा की और उन्हें समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री मनोज पाण्डेय के जालौन दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज रहीं। विशेष रूप से पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित की भूमिका को लेकर जिले में चर्चा का माहौल रहा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस दौरे के बाद जिले की राजनीति में सुदामा दीक्षित का प्रभाव और अधिक मजबूत होकर उभरा है।
#orai #jalaun #jalaunnews #BJP4UP #BJP #Manojpandeymantri #dmjalaun #sudamadixit
#UPPolitics #WelcomeProgram #BJP4IND #greenwelcome #UttarPradesh #yogi
Orai, Jalaun | Jun 5, 2026