सोनोग्राफी के इंतजार में प्रसव पीड़ा प्रसूता ने सेंटर के बाहर मृत शिशु को दिया जन्म
छतरपुर के जिला अस्पताल के बाहर स्थित निजी सोनोग्राफी सेंटर पर जांच के लिए पहुंची एक प्रसूता ने प्रसव पीड़ा के दौरान मेडिकल दुकान के सामने मृत शिशु को जन्म दे दिया। महिला राजनगर क्षेत्र के खजवा गांव से छतरपुर अल्ट्रासाउंड कराने आई थी। परिजनों के अनुसार, सोनोग्राफी सेंटर पर ₹1000 जमा कर नंबर लगाया गया था। करीब आधा घंटे इंतजार के दौरान महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। वह सेंटर के बगल में स्थित राजेंद्र मेडिकल के सामने जाकर बैठ गई, जहां कुछ ही देर में उसका प्रसव हो गया।घटना की जानकारी जिला अस्पताल के प्रसूता वार्ड के स्टाफ को मिली तो उन्होंने तत्काल व्हीलचेयर और प्रशिक्षित स्टाफ नर्स को मौके पर भेजा। मेडिकल दुकान के बाहर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात सुरक्षित कर महिला को व्हीलचेयर से जिला अस्पताल लाकर प्रसूता वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।