देवास। स्वच्छता में लगातार दूसरी बार देश में प्रथम स्थान हासिल करने वाले देवास शहर में कुछ लोगों की लापरवाही अब भी सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। बालगढ़ रोड स्थित फौजी नगर चौराहे पर रोजाना लोग नाले और सड़क किनारे कचरा फेंककर चले जाते हैं। नगर निगम की टीम नियमित रूप से सफाई करती है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा यहां कचरे का ढेर लगा दिया जाता है।
इसी समस्या को लेकर आज वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद प्रतिनिधि रुपेश वर्मा ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर निगम के कर्मचारी और दरोगा भी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने दूर से निगरानी की और जैसे ही कुछ लोग कचरे की थैलियां फेंकते नजर आए, उन्हें मौके पर बुलाया गया। इसके बाद नगर निगम कर्मचारियों और दरोगा ने फूल बरसाकर, माला पहनाकर और पैर छूकर उनका स्वागत किया तथा कचरा सड़क पर फेंकने के लिए धन्यवाद देते हुए अनोखे अंदाज में अपनी नाराजगी जाहिर की।
इस पूरे मामले में पार्षद प्रतिनिधि रुपेश वर्मा ने कहा कि देवास को स्वच्छता के मामले में दूसरी बार देश में प्रथम स्थान और राष्ट्रपति पुरस्कार मिला है, लेकिन शहर के करीब 20 प्रतिशत लोग लगातार गंदगी फैलाकर इस उपलब्धि को पीछे ले जाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की लापरवाही के कारण देवास को नंबर वन से 100 नंबर पर पहुंचाने की स्थिति बन रही है। इसी सोच के साथ आज कचरा फेंकने वालों का माला पहनाकर और फूल बरसाकर स्वागत किया गया, ताकि उन्हें अपनी जिम्मेदारी का एहसास हो। साथ ही लोगों से अपील की गई कि कचरा सड़क और नालों में फेंकने के बजाय नगर निगम की कचरा गाड़ी में ही डालें।
सवाल यही है कि जब देवास को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है, तो क्या शहरवासी अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं?
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnewsupdate