कांग्रेस ने देश में फैलाई श्रीलंका-बांग्लादेश जैसी अराजकता, हिमाचल को बनाया प्रयोगशाला: राजेंद्र राणा
कहा : घुसपैठियों से हमदर्दी और जनता से हमेशा गद्दारी करती रही है कांग्रेस
हमीरपुर: प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि कांग्रेस पूरे देश में संवैधानिक संस्थाओं पर ही सवाल उठाकर वोट चोरी का झूठा नैरेटिव गढ़ रही है और लोकतंत्र में जनता के भरोसे को तोड़कर अराजकता फैला रही है। कांग्रेस को केवल कुर्सी और सत्ता चाहिए, देश की उन्नति नहीं।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि यही मॉडल श्रीलंका और बांग्लादेश में अपनाया गया था। हिमाचल को भी कांग्रेस ने इसकी प्रयोगशाला बना दिया है, जहां श्रीलंका-बांग्लादेश मॉडल टेस्ट हो रहा है, जिसे ही पूरे देश में लागू करने का सपना कांग्रेस देख रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस ने पहले 10 झूठी गारंटियों के नाम पर जनता से वादे किए, जो आज तक पूरे नहीं हुए और प्रदेश का खजाना खाली कर दिया। आज हालात ये हैं कि गेहूं बिजाई के सीजन में किसानों को समय पर बीज और खाद नहीं मिल रहा है, सड़कों की हालत बद से बदतर है और अस्पतालों में दवाइयां तक नहीं हैं। हालात इतने खराब हैं कि अब तो कांग्रेस के अपने ही लोग खराब सड़कों और अव्यवस्थाओं को लेकर खुलकर बोलने और लिखने लगे हैं। अपनी इन नाकामियों को छिपाने और जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए खुद वोट चुराने वाली कांग्रेस अपनी ही पूर्व सरकारों के समय की इस व्यवस्था पर बेमतलब हल्ला मचा रही है। जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस हमेशा ही विदेशी घुसपैठियों की हिमायती और सच्ची दोस्त रही है, जबकि देश की जनता से गद्दारी ही करती आई है।
संवेदनहीन भी हैं मुख्यमंत्री सुक्खू
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनहीनता ने भी सारी हदें पार कर दी हैं। एक तरफ कांग्रेस के ही कद्दावर नेता, रामपुर से चौथी बार विधायक रहे नंद लाल का निधन हो गया। पूरा प्रदेश और उनका परिवार शोक में है और उसी दिन मुख्यमंत्री चंबा प्रवास पर ढोल-नगाड़ों के साथ अपना स्वागत करवा रहे थे, तालियां बजवा रहे थे। जो मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के विधायक के न हो सके और उनके परिवार के दुख में शामिल नहीं हो पाए, वो आम जनता के दुख-दर्द को क्या समझेंगे? उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच ही कुर्सी के लिए संवेदना भी गिरवी रखना है। हिमाचल की जनता इस अहंकार और संवेदनहीनता को कभी माफ नहीं करेगी।