हमीरपुर की 172 गोशालाओं में संरक्षित हैं 22,346 गोवंश, हर गोशाला में लगेंगे दो छायादार पेड़
कृषक समृद्धि आयोग के प्रभारी सदस्य एवं राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने की विभागीय समीक्षा, किसानों को खाद की कमी नहीं होने का किया दावा
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने मंगलवार को विकास भवन स्थित कल्पवृक्ष सभागार में कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने किसानों के हित में संचालित योजनाओं की प्रगति जानी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में पशुपालन विभाग ने बताया कि जनपद की 172 गोशालाओं में 22,346 गोवंश संरक्षित हैं। इनके भरण-पोषण के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था की गई है। राज्यमंत्री ने गोवंश की बेहतर देखभाल के निर्देश देते हुए उद्यान और वन विभाग को प्रत्येक गोशाला में कम से कम दो छायादार वृक्ष लगाने को कहा।
बैठक में लघु सिंचाई विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए 392 बोरिंग कार्यों और भूमि संरक्षण विभाग की ओर से बनाए गए 212 खेत तालाबों की जानकारी दी गई। किसानों को कीट नियंत्रण के लिए येलो स्टिकी ट्रैप और सोलर लाइट ट्रैप भी वितरित किए गए।
सब्जियों के भाव रोज रेट बोर्ड पर होंगे प्रदर्शित
राज्यमंत्री ने सब्जी मंडी में किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए मंडी सचिव को प्रतिदिन सब्जियों के भाव रेट बोर्ड पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए। साथ ही बाजार में खरीदी जाने वाली सब्जियों की दर से अधिकतम 25 प्रतिशत मूल्य पर ही बिक्री सुनिश्चित कराने को कहा, जिससे आम लोगों को भी उचित दरों पर सब्जियां मिल सकें।
मंडी का निर्माण जल्द पूरा कराने का आश्वासन
पत्रकारों से वार्ता में राज्यमंत्री ने बताया कि बुंदेलखंड परियोजना के तहत निर्माणाधीन मंडी का काम जल्द पूरा कराकर उसे चालू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है। निजी और सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है और किसानों को निर्धारित दरों पर खाद वितरित की जा रही है।
इस दौरान महोबा में कृषि विभाग के कर्मचारी के साथ हुई घटना को लेकर कुछ लोगों ने राज्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इस पर उन्होंने असंवैधानिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उर्वरक बिक्री केंद्र का किया औचक निरीक्षण
समीक्षा बैठक और प्रेस वार्ता के बाद राज्यमंत्री ने कुरारा विकासखंड स्थित मेसर्स हमीरदेव फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के उर्वरक बिक्री केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहां पीओएस मशीन में दर्ज खाद के स्टॉक का मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक से मिलान किया गया, जो सही पाया गया।
इस दौरान कृषि, पशुपालन, सिंचाई, उद्यान, सहकारिता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#Hamirpur #KuljeetSingh #HamirpurNews #किसान #कृषि_विभाग #गोवंश_संरक्षण #गौशाला #UPNews #Kurara #Bundelkhand #BreakingNews