भीलवाड़ा से दिल्ली तक गूंजा कांग्रेस का जोश, 1 बस और 16 कारों के काफिले के साथ कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
कांग्रेस नेत्री अनुष्का (आशा) सेन ने जताया कार्यकर्ताओं का आभार, राहुल गांधी के समर्थन में दिल्ली की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में भीलवाड़ा कांग्रेस की शानदार भागीदारी
महेश कुमार बिड़ला | संवाददाता, मांडल (भीलवाड़ा)
भीलवाड़ा लोकतंत्र की मजबूती, संविधान के सम्मान और नागरिकों के मतदान के अधिकार की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में भीलवाड़ा कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राहुल गांधी के समर्थन में आयोजित इस महारैली में शामिल होने के लिए भीलवाड़ा से कांग्रेस की टीम एक बस और 16 कारों के काफिले के साथ दिल्ली पहुंची।
संवाददाता महेश कुमार बिड़ला ने बताया कि इस दौरान भीलवाड़ा शहर कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता एवं महिला कांग्रेस की सदस्यों ने एकजुटता का परिचय देते हुए महारैली में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक स्वर में लोकतंत्र की मजबूती, संविधान के सम्मान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की अहमियत को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
दिल्ली में आयोजित इस महारैली के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और आमजन के अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाने का संदेश दिया। भीलवाड़ा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह को प्रदर्शित किया।
कांग्रेस नेत्री अनुष्का (आशा) सेन ने इस अवसर पर महारैली में शामिल होने वाले सभी साथियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीलवाड़ा की यह एकजुटता आगे भी इसी तरह कायम रहेगी। जनता के हक और अधिकारों की आवाज हम सभी मिलकर उठाते रहेंगे।
संवाददाता महेश कुमार बिड़ला ने बताया कि अनुष्का (आशा) सेन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और संविधान के सम्मान के लिए सभी का एकजुट रहना आवश्यक है। भीलवाड़ा कांग्रेस की यह सहभागिता संगठन की एकता, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिचायक है।