पांगी में भाजपा का डेरा, दिल्ली में भरमौरी कांग्रेस नेताओं ने हाईकमान से बढ़ाई नजदीकियां।
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो नई दिल्ली।
विधानसभा क्षेत्र भरमौर-पांगी की सियासत में इन दिनों राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। एक ओर जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी पांगी में पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर भरमौर कांग्रेस के नेताओं की दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को बढ़ा दिया है।
पूर्व वन मंत्री एवं पूर्व विधायक ठाकुर सिंह भरमौरी तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी ने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भरमौरी नेताओं ने कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की।
राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ हुई इन मुलाकातों के दौरान हिमाचल कांग्रेस के संगठनात्मक विषयों, प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर संवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि बैठकों में किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
भरमौर-पांगी में एक तरफ भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता और पांगी में वरिष्ठ नेताओं के दौरों का दौर चल रहा है, तो दूसरी तरफ भरमौर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में हाईकमान से मुलाकात ने क्षेत्र की राजनीति को चर्चा में ला दिया है।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ हुए संवाद और पांगी में भाजपा की बढ़ी सक्रियता का आने वाले समय में क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों पर क्या असर दिखाई देता है।