शान-ए-सोलन अवॉर्ड शो में सजी समाजसेवा की शाम, उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को मिला सम्मान
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो सोलन।
समाजहित और जनसेवा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से हिमाचल एकता मंच की ओर से सोलन में “शान-ए-सोलन अवॉर्ड शो” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में हिमाचल एकता मंच के राष्ट्रीय सचिव पुष्प कुमार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान सम्मानित प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान प्रदान कर उनके सामाजिक योगदान को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर पुष्प कुमार ने कहा कि समाज के लिए बिना किसी स्वार्थ के कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना न केवल उनके प्रयासों को पहचान देना है, बल्कि इससे समाज के अन्य लोगों को भी जनसेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समाज में बेहतर बदलाव लाया जा सकता है।
पुष्प कुमार ने शान-ए-सोलन अवॉर्ड शो में मिले सम्मान एवं आयोजन के लिए हिमाचल एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीप लाल का विशेष रूप से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निरंतर समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सोलन की पूरी टीम का भी विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि टीम ने मेहनत, समर्पण और आपसी सहयोग के साथ कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाया, जिसके लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।
पुष्प कुमार ने कहा कि हिमाचल एकता मंच सामाजिक एकता, भाईचारे, आपसी सहयोग और जनसेवा की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन देने की यह पहल भविष्य में भी जारी रखी जाएगी।
समारोह में हिमाचल एकता मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मानित प्रतिभाओं ने मंच का आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।