वोट चोरी के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस चंबा का जोरदार प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग, जिलाधीश के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चंबा, 28 सितंबर।
कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी चंबा ने सोमवार को जिला मुख्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग उठाते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले भी जलाए गए। कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग रखी।
प्रदर्शन के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलाधीश चंबा के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में कथित वोट चोरी, मतदाता सूचियों में बदलाव तथा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच करवाने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फरवरी 2025 में मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन के दौरान तत्कालीन चयन समिति में शामिल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नियुक्ति प्रक्रिया पर आपत्ति दर्ज कराते हुए डिसेंट नोट दिया था। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है और मतदाताओं का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है।
जिला कांग्रेस ने मांग की कि लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए तथा जांच में यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध संज्ञेय अपराध के पर्याप्त प्रमाण सामने आते हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस पदाधिकारियों सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, मंडलम, जोन, ग्राम पंचायत और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।