पांगी में विधायक जनक राज का बड़ा बयान, बोले—भ्रष्टाचार का एक भी आरोप लगा तो विधायकी से दे दूंगा इस्तीफा।
पूर्व विधायक के दौरे में लगे ‘जनक तेरी खैर नहीं’ के नारों के बाद सियासी माहौल में बयान की चर्चा, भाजपा जिला प्रभारी विपिन परमार भी पहुंचे पांगी
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो पांगी।
विधानसभा क्षेत्र भरमौर-पांगी के पांगी दौरे पर पहुंचे विधायक डॉ. जनक राज ने अपने संबोधन में भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि उन पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप लगता है तो वह विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से कहा ऐसा उन्होंने क्या काम कर दिया है जिसके बाद यहां पर ऐसे नारे लगाए गए।
विधायक का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पूर्व पूर्व विधायक के पांगी दौरे के दौरान “जनक तेरी खैर नहीं” के नारे लगाए गए थे। नारेबाजी से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ था। इसके बाद पांगी की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
इसी बीच भाजपा के जिला प्रभारी विपिन परमार भी सोमवार को पांगी पहुंचे। उनके दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान विधायक डॉ. जनक राज भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और ईमानदारी उनके लिए महत्वपूर्ण है। यदि उन पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप सिद्ध होता है तो वह अपनी विधायकी से इस्तीफा दे देंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जब भाजपा की सरकार बनेगी, तो क्षेत्र में हर छोटे-बड़े विकास कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
विधायक ने कहा कि भरमौर-पांगी जैसे दुर्गम विधानसभा क्षेत्र में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
भाजपा जिला प्रभारी विपिन परमार के पांगी दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में विधायक के बयान और हाल में हुई नारेबाजी के बाद पांगी क्षेत्र का राजनीतिक माहौल एक बार फिर चर्चा में है।
#drjanakraj #bharmaputra #champions