#भरतपुर। जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें स्वास्थ्य योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति और आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कलक्टर ने जननी सुरक्षा, राजश्री व लाडो प्रोत्साहन योजना की किश्तों के भुगतान की समीक्षा करते हुए सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों को लगने वाली एचपीवी वैक्सीन की प्रगति 30 नवम्बर तक 90 प्रतिशत से अधिक करने को कहा। साथ ही गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में शत-प्रतिशत पंजीयन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की नियमित निगरानी, आपातकालीन परिवहन सुविधा और संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर जोर दिया गया। अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी ने नियमित टीकाकरण, मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच व दवा योजना और टीबी मुक्त भारत अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा सुविधा संपन्न चिकित्सा संस्थानों को डिलीवरी प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए। वहीं, आरसीएचओ डॉ. अमर सिंह ने बताया कि रविवार 22 नवम्बर से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा, जिसमें पहले दिन 1415 बूथों पर और 23 व 24 नवम्बर को घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के करीब 2 लाख 7 हजार 552 बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए 65 ट्रांजिट टीम, 14 मोबाइल टीम, 100 जोनल और 142 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।