#ज्वाला_रिसॉर्ट_में_बड़ा_हादसा..
भरतपुर। शहर में सारस चौराहे के पास स्थित ज्वाला कैटर्स मैरिज होम एंड रिसॉर्ट में सोनी टॉवर के मालिक विवेक सोनी के जन्मदिन समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रथम दृष्टया, खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के स्टोव नोजल से लीकेज होने के कारण आग भड़क गई। देखते ही देखते परिसर में रखे सिलेंडरों में तेज धमाकों के साथ ब्लास्ट हो गया, जिससे आग ने पूरे रिसॉर्ट को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। गनीमत रही कि आग लगते ही पार्टी में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी धर्मेंद्र यादव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर आसपास का क्षेत्र खाली कराकर हाईवे का ट्रैफिक डायवर्ट कराया। नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई के अनुसार, रिसॉर्ट में फायर फाइटिंग सिस्टम लगा हुआ था, लेकिन बिजली गुल होने के कारण वह काम नहीं कर सका और आग तेजी से फैल गई। हालात पर काबू पाने के लिए भरतपुर शहर के साथ ही नदबई, भुसावर और रूपवास से दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। दमकलकर्मियों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू पाया।