मिशन कायाकल्प अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों एवं सरकारी भवनों के जीर्णोद्धार कार्यों का जिला पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद कर लिया शिक्षा व्यवस्था का फीडबैक
सीतामढ़ी। जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया द्वारा रुन्नीसैदपुर प्रखंड अंतर्गत थुम्मा क्षेत्र में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों एवं विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने डिग्री कॉलेज, उच्च विद्यालय, मध्य विद्यालय, खेल मैदान, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय-सह-छात्रावास, आंगनबाड़ी केंद्र तथा मिशन कायाकल्प अभियान के तहत किए जा रहे मरम्मतीकरण, जीर्णोद्धार एवं रंग-रोगन कार्यों का जायजा लिया।
मिशन कायाकल्प अभियान के तहत भवनों का हो रहा जीर्णोद्धार
मिशन कायाकल्प अभियान के तहत विभिन्न सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य सरकारी भवनों की स्थिति बेहतर बनाने के उद्देश्य से मरम्मतीकरण, रंग-रोगन, साफ-सफाई एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का कार्य किया गया है। जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान इन कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य संस्थानों में किए गए मरम्मतीकरण एवं रंग-रोगन कार्यों का अवलोकन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में मिशन कायाकल्प अभियान के तहत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पुराने भवन का भी मरम्मतीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है, ताकि उपलब्ध भवन को दुरुस्त कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन योग्य बनाया जा सके। जिला पदाधिकारी ने इस कार्य का भी निरीक्षण किया तथा गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था का लिया फीडबैक
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने डिग्री कॉलेज, उच्च विद्यालय, मध्य विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने पठन-पाठन की गुणवत्ता, शिक्षकों की उपलब्धता एवं उपस्थिति तथा नियमित कक्षाओं के संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, जैसे शौचालय, बिजली, लाइट, पंखा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति के संबंध में फीडबैक लिया। साथ ही शिक्षकों से भी बातचीत कर शैक्षणिक व्यवस्था एवं विद्यालय संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय-सह-छात्रावास का निरीक्षण
जिला पदाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय-सह-छात्रावास का निरीक्षण करते हुए छात्राओं की उपस्थिति, आवासन की स्थिति, भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं उन्हें मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। संबंधित पदाधिकारियों को छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अतिरिक्त वर्ग कक्ष एवं खेल मैदान का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान उच्च विद्यालय में अतिरिक्त वर्ग कक्ष (Additional Classroom) के निर्माण कार्य एवं खेल मैदान की स्थिति का भी जायजा लिया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य सार्वजनिक भवनों की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। मिशन कायाकल्प अभियान के माध्यम से सरकारी भवनों का जीर्णोद्धार कर उन्हें स्वच्छ, सुंदर एवं उपयोगी बनाया जा रहा है। साथ ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूरी तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया गया।