जिला पदाधिकारी ने राघोपुर बखरी स्थित बुनियादी विद्यालय एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सीतामढ़ी। जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया द्वारा राघोपुर बखरी स्थित बुनियादी विद्यालय एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया गया।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, पठन-पाठन की व्यवस्था, विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं साफ-सफाई, भवनों के रंग-रोगन, स्मार्ट क्लास तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित परिसर बनाए रखने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी ने राघोपुर बखरी स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा वितरण की व्यवस्था, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, परिसर की साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करें, ताकि आमजन एवं विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।