जिला पदाधिकारी ने मध्य विद्यालय एवं उच्च विद्यालय, पुनौरा का किया औचक निरीक्षण, शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा
जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया द्वारा पुनौरा स्थित मध्य विद्यालय एवं उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, चहारदीवारी, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति एवं अनुशासन, पठन-पाठन की व्यवस्था, शौचालय, शुद्ध पेयजल तथा विद्यालय में उपलब्ध अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं शिक्षण व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने तथा छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना के तहत बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित शिक्षकों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुरूप स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पौष्टिकता में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करें, ताकि छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास को भी बढ़ावा मिल सके।
2 views | Sitamarhi, Bihar | Nov 26, 2026