महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता क्लब ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
________________
लोकतंत्र में मतदान के महत्व की दी जानकारी
________________
18 वर्ष पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों से मतदाता कार्ड बनवाने की अपील
________________
खरगोन 10 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, खरगोन में प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता क्लब द्वारा विद्यार्थियों को लोकतंत्र एवं मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा मतदाता कार्ड बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
डॉ. सी.एल. निगवाल ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका और उसके महत्व से अवगत कराया। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. संदीप बिड़ला ने बताया कि जिला नोडल अधिकारी डॉ. ओ.एस. मेहता के मार्गदर्शन में महाविद्यालय का मतदाता जागरूकता क्लब निरंतर सक्रिय है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों से अपने निवास क्षेत्र के मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क कर मतदाता कार्ड बनवाने की अपील की।
कैंपस एंबेसेडर श्री रोहन सिलोटे ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं, प्रो. भगत वास्केल ने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए महाविद्यालय के नियमित विद्यार्थी हाशिम शेख और रोहन सिलोटे को मतदाता जागरूकता क्लब का कैंपस एंबेसेडर बनाया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मतदान जागरूकता की शपथ लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। इस अवसर पर बॉटनी विभागाध्यक्ष डॉ. सी.एल. निगवाल, प्रो. प्रकाश गुजराती सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone Chief Electoral Officer Madhya Pradesh Election Commission of India