सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा इनोवेशन हैकाथॉन आयोजित
________________
विद्यार्थियों ने निमाड़ की समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्तुत किए नवाचार
________________
खाद्य प्रसंस्करण, रोजगार और ग्रामीण स्वास्थ्य जैसे विषयों पर हुई प्रतियोगिता
________________
खरगोन 10 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन के ग्रंथालय विभाग द्वारा ‘सेवा इनोवेशन हैकाथॉन 2026’ का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने निमाड़ क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नवाचारपूर्ण विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में एम.कॉम. प्रथम वर्ष की छात्रा प्रियंका यादव ने ‘निमाड़ में फसल कटाई-पश्चात नुकसान व खाद्य प्रसंस्करण संकट’ विषय पर विचार प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.एससी. प्रथम वर्ष की छात्रा निहारिका सुरागे ने ‘निमाड़-हाट’ की अवधारणा प्रस्तुत कर द्वितीय तथा शशांक कोगे ने ‘बेरोजगारी और मौसमी पलायन’ विषय पर विचार प्रस्तुत कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, हाशिम शेख ने सड़क सुरक्षा एवं बुनियादी ढांचे तथा भूमिका चावड़ा ने ग्रामीण स्वास्थ्य एवं कुपोषण से संबंधित नवाचारपूर्ण विचार प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों के नवाचारपूर्ण विचार स्थानीय समस्याओं के समाधान और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्ष डॉ. ललिता बर्गे ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में डॉ. रमेश चौहान एवं डॉ. तुषार जाधव निर्णायक रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गणेश पाटिल ने किया। अंत में कार्यक्रम संयोजक एवं ग्रंथपाल श्री गोविन्द यादव ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. धर्मेंद्र पाटीदार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान