कर्मयोगी कर्तव्य कार्यशाला में अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण
________________
शासकीय सेवा को जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाने पर दिया जोर
________________
कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना से कार्य करने का दिया संदेश
________________
खरगोन 18 नवंबर 2026। शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों में कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भाव और कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से ‘कर्मयोगी कर्तव्य कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला प्रशिक्षक श्री लकी मालवीया एवं श्री राजेंद्र सिंह चौहान ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि शासकीय सेवा केवल नौकरी या पद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।
कार्यशाला में आंतरिक शक्ति एवं बाह्य उत्कृष्टता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि पद और अधिकार व्यक्ति को शक्ति प्रदान करते हैं, लेकिन वास्तविक बदलाव लाने की क्षमता उसकी आंतरिक शक्ति, नैतिक मूल्यों, ईमानदारी, करुणा, आत्मप्रेरणा और सेवा भावना में निहित होती है।
इस दौरान अखंडता, करुणा, आत्मप्रेरणा, सामूहिक कार्य, कार्य की पूर्ण जिम्मेदारी एवं कार्यकुशलता जैसे गुणों को दैनिक शासकीय कार्यों में अपनाने पर जोर दिया गया। साथ ही समूह चर्चा एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने, नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से समझने और चुनौतियों का प्रभावी समाधान करने के तरीके बताए गए।
प्रशिक्षण में कहा गया कि एक सच्चा कर्मयोगी वही है, जो अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि पूर्ण समर्पण और जनहित की भावना के साथ करता है। कार्यशाला का संदेश रहा कि शासकीय पद अधिकार प्रदान करता है, लेकिन आंतरिक शक्ति, संवेदनशीलता और सेवा भावना ही व्यक्ति को सच्चा कर्मयोगी बनाती है।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 18, 2026