*नरवाई न जलाने और जल संरक्षण तकनीकों को अपनाने किसानों को किया जागरूक*
*प्रेशराइज्ड सिंचाई तकनीक से 35 से 50 प्रतिशत तक पानी की बचत संभव, ग्राम ईमलई रैयत में आयोजित हुई कार्यशाला*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार कार्यालय सहायक कृषि यंत्री डिंडौरी की टीम द्वारा 20 नवंबर को विकासखंड डिंडौरी के ग्राम ईमलई रैयत में किसानों को नरवाई प्रबंधन, सूखा प्रबंधन एवं प्रेशराइज्ड सिंचाई परियोजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में कृषि अभियांत्रिकी विभाग की उपयंत्री सुश्री पूनम कोराम ने किसानों को नरवाई प्रबंधन में उपयोग होने वाले कृषि यंत्रों की कार्यप्रणाली एवं अनुदान प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों (नरवाई) को खेतों में जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए नरवाई प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग करने की समझाइश दी।
उन्होंने बताया कि प्रेशराइज्ड सिंचाई प्रणाली एवं माइक्रो इरीगेशन तकनीक अपनाकर किसान लगभग 35 से 50 प्रतिशत तक पानी की बचत कर सकते हैं। इन आधुनिक सिंचाई तकनीकों से कम पानी एवं कम श्रम में फसलों की बेहतर सिंचाई कर उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने किसानों को माइक्रो इरीगेशन यंत्रों के उपयोग, उनकी उपयोगिता तथा शासन द्वारा दी जाने वाली अनुदान सुविधा की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।
कार्यशाला में कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्री पी.सी. वरकड़े, कृषि विस्तार अधिकारी सुश्री प्रियंका पुषाम एवं श्री नीलेश मानिकपुरी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori #CollectorDindori #Agriculture #FarmerAwareness #CropResidueManagement #WaterConservation #MicroIrrigation #SustainableAgriculture #ModernFarming #AgriculturalTechnology
Dindori, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026