सिविल कोर्ट के धरोहर रामशरण सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर उमड़ा अधिवक्ताओं और समाजसेवियों का जनसैलाब, नम आंखों से दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि!
मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं एडवोकेट्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय रामशरण सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सिविल कोर्ट परिसर स्थित एडवोकेट्स एसोसिएशन में मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा के चैम्बर 'भारत वर्षम्' में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता और समाजसेवी शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकृष्ण ठाकुर सहित वरीय अधिवक्ताओं और समाजसेवियों ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और न्यायिक क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। वक्ताओं ने उन्हें सिविल कोर्ट मुजफ्फरपुर की धरोहर और एडवोकेट्स एसोसिएशन का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा ने कहा कि रामशरण बाबू के दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान कई लोग उन्हें याद कर भावुक हो उठे।
#RamsharanSingh #MuzaffarpurNews #AdvocatesAssociation #TributeToLegend #TirhutNow
Musahri, Muzaffarpur | Nov 5, 2026