औरंगाबाद में हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, गांव में पसरा मातम
औरंगाबाद जिला के रफीगंज थाना क्षेत्र के बौर गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। घास काटने के दौरान दोनों 11 हजार वोल्ट के टूटे बिजली तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।
मृतकों की पहचान बौर गांव निवासी 65 वर्षीय गोपाल प्रसाद और उनकी 60 वर्षीय पत्नी ऐरावंति देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार गांव के उत्तर दिशा में पंचायत सरकार भवन के समीप बधार में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। गोपाल प्रसाद और उनकी पत्नी जानवरों के लिए घास काटने बधार गए थे, तभी यह हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही रफीगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया।