पलकिया के छात्र दिलशाद की मौत पर जिला पार्षद शंकर यादवेंदु ने जताया गहरा शोक
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के पलकिया गांव निवासी सऊद अंसारी के 18 वर्षीय पुत्र दिलशाद अहमद की मदार नदी में डूबने से हुई दर्दनाक मौत पर जिला पार्षद शंकर यादवेंदु ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।
जिला पार्षद शंकर यादवेंदु ने कहा कि दिलशाद एक प्रतिभावान और होनहार नौजवान था। वह इंटर का छात्र था और रोज सुबह दौड़ लगाने जाता था। मंगलवार सुबह भी वह घर से निकला था, तभी शौच के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में चले जाने से उसकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि जब उसका चप्पल और मोबाइल नदी किनारे पड़ा मिला तब परिजनों को आशंका हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने खोजबीन कर शव को बाहर निकाला।
शंकर यादवेंदु ने पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुःख की घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की है।
Madanpur, Aurangabad | Sep 8, 2026