मदनपुर के पिरवां में विकास की खुली पोल, मुर्गी बिगहा टोले में न नाली न सड़क
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत पिरवां में विकास की लकीर की हकीकत सामने आई है। पिरवां के टोला मुर्गी बिगहा में आज तक न तो नाली बनी है और न ही पक्की सड़क।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़क पर ही बहता है, जिससे बीमारियों का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने कई बार मुखिया और प्रखंड प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की है।