अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर DLSA शेखपुरा में विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुधवार, 01 अक्टूबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), शेखपुरा के सभागार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शेखपुरा श्री संतोष कुमार तिवारी के दिशा-निर्देश में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं कल्याणकारी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। बड़ी संख्या में लोगों ने बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया। विशेष रूप से वरिष्ठ एवं बुजुर्ग अधिवक्ताओं के लिए यह शिविर काफी उपयोगी रहा।
इस अवसर पर जिला विधिक संघ, शेखपुरा के अध्यक्ष श्री चंद्र मौली यादव ने कहा कि न्यायालय परिसर में इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन एक सराहनीय पहल है। विधिक जागरूकता के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है।
वहीं न्यायालय कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से न्यायालय परिसर में सकारात्मक सामाजिक वातावरण का निर्माण हो रहा है। स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता के साथ समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सहायता पहुंचाने का संदेश भी मजबूत हो रहा है।