डीएम शेखर आनंद ने सरस्वती विद्या मंदिर आदर्श विद्यालय मेहुस का किया भ्रमण , बच्चों एवं अभिभावकों से किया संवाद।
आज दिनांक 30 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने सरस्वती विद्या मंदिर, आदर्श विद्यालय, मेहुस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों तथा छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालय की गतिविधियों का जायजा लिया।उन्होंने भ्रमण के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय ने नीति आयोग द्वारा निर्मित 'अटल टिंकरिंग लैब' (ATL) का निरीक्षण किया। लैब में बच्चों द्वारा बनाई जा रही वैज्ञानिक परियोजनाओं एवं उनकी नवाचारी सोच को देखकर जिलाधिकारी महोदय ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्यालय में चल रही ऑनलाइन कक्षाओं का भी अवलोकन किया और डिजिटल शिक्षा के स्तर को परखा। उनके द्वारा छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी महोदय ने बच्चों को 'विद्यार्थी सारथी ऐप' का उपयोग करने की सलाह दी, ताकि वे अपनी पढ़ाई को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बना सकें। संवाद के दौरान उन्होंने बिहार सरकार द्वारा शिक्षा एवं युवाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उन पर विस्तार से चर्चा की। पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण भी किया। उन्होंने बच्चों को प्रकृति से जुड़ने और पेड़ों की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला विकास पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण, बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहे।