डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, ओरल कैंसर एवं एनीमिया की जांच के साथ लोगों को मिला आवश्यक परामर्श।
स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के घर-द्वार तक पहुंचाने तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शेखपुरा जिले में “जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक जिले में 1,26,470 लोगों की डायबिटीज, उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), ओरल कैंसर एवं एनीमिया की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य संस्थानों तक आने की प्रतीक्षा करने के बजाय समुदाय के बीच पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना, बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान करना तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना है। इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा समुदाय स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है। जांच के दौरान डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, ओरल कैंसर एवं एनीमिया से संबंधित संभावित मामलों की पहचान कर आवश्यकतानुसार संबंधित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आगे की स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जा रहा है। जिले के स्वच्छता कर्मियों को भी स्वास्थ्य जांच के दायरे में शामिल करते हुए संबंधित आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्र पर उनकी आवश्यक जांच कराई गई तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग का विशेष जोर इस बात पर है कि लोग बीमारी के गंभीर होने का इंतजार न करें। नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से डायबिटीज एवं उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकती है। वहीं ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग तथा एनीमिया की जांच से संभावित स्वास्थ्य समस्याओं को प्रारंभिक स्तर पर चिन्हित कर उचित चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार की दिशा में कदम उठाया जा सकता है। जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी सह अभियान के नोडल पदाधिकारी डॉ. नौशाद आलम ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा पहुंचाना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराएं और जांच में किसी प्रकार की समस्या सामने आने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आगे की जांच एवं उपचार अवश्य कराएं।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री दयाशंकर निधि ने बताया कि अभियान को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श से वंचित न रहे।
जन-जन तक स्वास्थ्य सेवा, स्वस्थ शेखपुरा की ओर कदम
1,26,470 लोगों की स्क्रीनिंग इस अभियान की व्यापक पहुंच को दर्शाती है। बताते चले कि इस कार्यक्रम के तहत पूर्व से 19365 हाइपरटेंशन के मरीज तथा 16435 डायबिटीज के मरीज जिला अंतर्गत चिन्हित है इस अभियान के तहत दिनांक 2 सितंबर 2026 से अभी तक 3540 हाइपरटेंशन के मरीज एवं 2670 डायबिटीज के मरीज जिला अंतर्गत विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिर अंतर्गत चिन्हित किया गया है जिसे एनसीडी पोर्टल पर दर्ज कर नियमित रूप से जांच एवं फॉलोअप किया जाएगा। डायबिटीज़ एवं उच्च रक्तचाप संबंधित दवा सदर अस्पताल शेखपुरा से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे स्वास्थ्य जांच को अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जांच के लिए प्रेरित करें।