कैद की दीवारों के पार मानवता: चितवन के बंदियों ने रसुवा बाढ़ पीड़ितों के लिए दी 3.66 लाख की मदद
चितवन। नेपाल के चितवन जिला कारागार के बंदियों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए रसुवा बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए अपने हाथों से बेड-बिस्तर तैयार कर प्रदान किए। कारागार परिसर में आयोजित समारोह में जिल्ला प्रमुख अधिकारी गणेश अर्याल ने बंदियों के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए आत्मीय आभार व्यक्त किया।
वक्ताओं ने आपदा की घड़ी में बंदियों के इस प्रेरणादायी प्रयास की प्रशंसा की। कार्यक्रम में बाढ़ में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दीप प्रज्वलित कर प्रार्थना की गई। बंदियों द्वारा निर्मित करीब 3 लाख 66 हजार रुपये मूल्य की सामग्री बाढ़ पीड़ितों को प्रदान की गई। समारोह में नेपाली सेना, प्रहरी, समाजसेवी, संचारकर्मी और विभिन्न निकायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।