समाहरणालय, पूर्णिया
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति:-1892,
दिनांक:-14 नवंबर 2026,
====================
छठ महापर्व को लेकर बिजली विभाग चौकस, 325 छठ घाटों पर की गई विशेष विद्युत व्यवस्था:-
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिजली विभाग द्वारा जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
पूर्णिया जिले में लगभग 400 छठ घाटों पर पर्व का आयोजन होना है। इसे देखते हुए नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के 325 ऐसे छठ घाट, जहां विद्युत सुविधा उपलब्ध है, वहां विशेष व्यवस्था की गई है। विभाग का प्रयास है कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को अर्घ्य के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
एनबीपीडीसीएल, पूर्णिया अंचल के अधीक्षण अभियंता श्री बासुकी शंकर रजक ने बताया कि दीपावली के अवसर पर भी पूरे जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई थी। इसी प्रकार छठ महापर्व के दौरान भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए विभाग पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि छठ घाटों पर आतिशबाजी से परहेज करें। आतिशबाजी के दौरान बिजली के तारों, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य विद्युत उपकरणों के संपर्क में आने से गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
श्रद्धालु बिजली के पोल एवं ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इनके आसपास खड़े होने से बचें।
वहीं, एनबीपीडीसीएल, पूर्णिया के कार्यपालक अभियंता श्री बी.पी. बागीश ने बताया कि जिले के सभी 35 विद्युत शक्ति उपकेंद्रों पर बिजली कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। इसके अतिरिक्त भीड़भाड़ वाले मार्गों पर भी विभागीय कर्मी मुस्तैद रहेंगे। विद्युत सुविधा से युक्त सभी 325 छठ घाटों पर विशेष रूप से कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान किया जा सके।
उन्होंने बताया कि अधिक भीड़भाड़ वाले छठ घाटों पर बिजली विभाग के वरीय पदाधिकारियों द्वारा भी लगातार निगरानी की जाएगी। विभाग की प्राथमिकता छठ महापर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के साथ-साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
#cmsamrat
#samratchoudhary
#pmmodi
Purnia, Bihar | Nov 14, 2026