पानीपत पुलिस
13 सितंबर 2026
*बच्चे से मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो आरोपी काबू, छीना गया मोबाइल बरामद*
*8 सितंबर को कुलदीप नगर में घर के बाहर बैठे 11 वर्षीय बच्चे से छीना था मोबाइल; वारदात में शामिल फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी*
पानीपत, 13 सितंबर ( ) सीआईए थ्री पुलिस टीम ने कुलदीप नगर में घर के बाहर बैठे बच्चे से मोबाइल फोन स्नेचिंग करने वाले दो आरोपियों को शनिवार देर शाम काबड़ी रोड पर फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अर्जुन नगर निवासी साहिल व बोबी के रूप में हुई है।
सीआईए-3 प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम को शनिवार देर शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक काबड़ी रोड पर फ्लाईओवर के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को काबू कर पूछताछ की। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान साहिल पुत्र रामेहर और बोबी पुत्र अमित के रूप में बताई।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने कॉलोनी निवासी फरार अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर 8 सितंबर को कुलदीप नगर में घर के बाहर बैठे एक बच्चे से मोबाइल स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। मोबाइल स्नेचिंग की वारदात बारे थाना पुराना औद्योगिक में कुलदीप नगर निवासी मनान पुत्र इब्राहिम की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
*किराये का कमरा देखने के बहाने बच्चे से छीना मोबाइल;*
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों और फरार उनका साथी नशा करने के आदी हैं। 8 सितंबर को वे तीनों एक बाइक पर सवार होकर कुलदीप नगर में घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक घर के बाहर बच्चा मोबाइल फोन लिए बैठा दिखाई दिया। तीनों ने मोबाइल छीनने की साजिश रची और किराये का कमरा देखने के बहाने मकान पर गए। वहां जाते समय उन्होंने बच्चे से मोबाइल स्नेच कर लिया और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नेच किया मोबाइल फोन बरामद कर रविवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त बाइक तथा फरार आरोपी के ठिकानों का पता लगाकर उसे काबू करने का प्रयास करेगी।
*यह है मामला;*
थाना पुराना औद्योगिक में कुलदीप नगर निवासी मनान पुत्र इब्राहिम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह किराये के मकान में रहता है और बाइक रिपेयर का काम करता है। 8 सितंबर को उसका 11 वर्षीय बेटा अरमान घर के बाहर बैठकर मोबाइल फोन देख रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक किराये पर कमरा लेने के लिए मकान देखने के बहाने वहां आए। जाते समय दोनों युवक उसके बेटे अरमान से मोबाइल फोन छीनकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। थाना पुराना औद्योगिक में मनान की शिकायत पर स्नेचिंग की धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
Israna, Panipat | Sep 13, 2026