शामली। जनपद शामली की सदर कोतवाली क्षेत्र में 26 अगस्त को हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से मृतक के परिजनों और खाप चौधरियों में आक्रोश है। एक दिन पहले हुई पंचायत के बाद मंगलवार को अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी और विभिन्न खापों के चौधरियों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से कलक्ट्रेट में मुलाकात की।
बैठक के दौरान खाप चौधरियों और मृतक के पिता ने पुलिस-प्रशासन से फरार शूटरों सत्यम और आर्यन की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने प्रशासन को 5 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि तय समय सीमा में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों की ओर से फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ाने के साथ उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को पहले ही मुठभेड़ में मार गिराया गया है, जबकि दो आरोपी सत्यम और आर्यन अभी फरार हैं।
बैठक में खाप चौधरियों ने अंकित बालियान के परिवार को आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी। परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उन्हें न्याय मिलने का भरोसा नहीं होगा।
नरेश टिकैत ने कहा- हमारे पास संख्या बल है, लेकिन गलत इस्तेमाल नहीं करना चाहते
बैठक के बाद बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि अधिकारियों ने खाप प्रतिनिधियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है और पुलिस-प्रशासन को 5 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि खाप प्रशासन पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाना चाहती और पुलिस को पूरी कार्रवाई करने की खुली छूट दी गई है।
नरेश टिकैत ने कहा कि खाप के पास संख्या बल है, लेकिन वह उसका गलत इस्तेमाल नहीं करना चाहते। परिवार के सदस्य को नौकरी और आर्थिक मदद की मांग भी प्रशासन के सामने रखी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा और उन्हें उम्मीद है कि तय समय में कार्रवाई होगी।
हरियाणा में कादयान खाप की पंचायत को लेकर नरेश टिकैत ने कहा कि खाप पंचायतें पूरे देश में एक व्यवस्था का हिस्सा हैं और केवल दो-चार लोगों के इकट्ठा होने से पंचायत नहीं हो जाती। उन्होंने कादयान खाप से अपराधियों का साथ नहीं देने की अपील की।
फिलहाल अंकित बालियान हत्याकांड में फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। अब सभी की नजरें 5 अक्टूबर की समय सीमा पर टिकी हैं।
#AnkitBalyan #AnkitBalyanMurderCase #Shamli #ShamliNews #NarendraTikait #NareshTikait #Khaps #UPPolice #ShamliPolice #CrimeNews #BreakingNews #WesternUP #UttarPradesh
Baghpat, Bagpat | Sep 12, 2026