बलवाड़ी मंडी में 23 अक्टूबर से शुरू होगी लालमिर्च की नीलामी
________________
विधायक ने मंडी प्रांगण का निरीक्षण कर व्यापारियों के साथ की बैठक
________________
किसानों को अन्य मंडियों में नहीं जाना पड़ेगा, नीलामी पद्धति से मिलेगा उपज का उचित मूल्य
________________
खरगोन 17 अक्टूबर 2026। क्षेत्र के लालमिर्च उत्पादक किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अन्य मंडियों में नहीं जाना पड़ेगा। कृषि उपज मंडी समिति खरगोन के अतिरिक्त प्रांगण बलवाड़ी में 23 अक्टूबर से लालमिर्च का क्रय-विक्रय प्रारंभ किया जाएगा। यहां प्रतिदिन नीलामी पद्धति से लालमिर्च की बिक्री होगी, जिससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने 16 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी समिति खरगोन के अतिरिक्त प्रांगण ग्राम बलवाड़ी का निरीक्षण किया। क्षेत्र के लालमिर्च उत्पादक किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मंडी में शीघ्र लालमिर्च का कारोबार प्रारंभ करने की पहल की। इस संबंध में उन्होंने अनाज मंडी प्रांगण स्थित व्यापारी भवन में कपास, अनाज एवं लालमिर्च व्यापारियों की बैठक ली।
स्थानीय व्यापारियों को लालमिर्च कारोबार बढ़ाने के निर्देश
बैठक में विधायक श्री पाटीदार ने लालमिर्च व्यापारियों से चर्चा की तथा कपास एवं अनाज व्यापारियों को भी लालमिर्च का कारोबार प्रारंभ करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि खरगोन में लालमिर्च के व्यवसाय को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बड़वानी क्षेत्र की मंडियों, धामनोद, इंदौर सहित अन्य मंडियों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही विक्रय की सुविधा उपलब्ध होगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि बलवाड़ी मंडी में लालमिर्च का विक्रय नीलामी पद्धति से किया जाएगा, ताकि प्रतिस्पर्धा के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। स्थानीय लालमिर्च, कपास एवं अनाज व्यापारियों के साथ-साथ बाहर के व्यापारियों को भी खरीदी में शामिल करने के लिए मंडी सचिव को निर्देशित किया गया।
23 अक्टूबर से किसानों को मिलेगी सुविधा
मंडी समिति खरगोन ने क्षेत्र के सभी लालमिर्च उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे 23 अक्टूबर से अपनी लालमिर्च की उपज विक्रय के लिए कृषि उपज मंडी समिति खरगोन के अतिरिक्त प्रांगण बलवाड़ी में लेकर आएं। यहां प्रतिदिन नीलामी पद्धति से लालमिर्च का विक्रय किया जाएगा।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री सत्येंद्र बैरवा, मंडी सचिव श्रीमती शर्मिला निमामा सहित श्री कैलाश अग्रवाल, श्री कल्याण अग्रवाल, श्री राकेश जैन, श्री आदित्य पाटीदार, श्री ब्रजमोहन अग्रवाल, श्री राकेश गोयल एवं लालमिर्च व्यापारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone