शासकीय कन्या महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम आयोजित
________________
छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन योजनाओं की दी गई जानकारी
________________
शासकीय योजनाओं से लाभान्वित विद्यार्थियों के जीवन में आए बदलावों पर बनाई गई लघु फिल्म
________________
खरगोन 16 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, खरगोन में शुक्रवार को ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. यादव ने की।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. धर्मेन्द्र भालते ने मध्यप्रदेश शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण योजना, आवास सहायता योजना, पीएचडी शोध के लिए छात्रवृत्ति योजना, विदेश में अध्ययन के लिए छात्रवृत्ति योजना तथा निःशुल्क स्टेशनरी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया।
उन्होंने छात्राओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक पात्रता एवं शर्तों, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान योजनाओं से लाभान्वित विद्यार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से एक लघु फिल्म भी बनाई गई। इसके माध्यम से शासकीय योजनाओं के विद्यार्थियों की शिक्षा एवं जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव को सामने लाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर डॉ. एम.एस. सोलंकी, डॉ. सेवंती डावर, डॉ. ममता गोयल, डॉ. मनीषा चौहान, डॉ. शैलेन्द्र मालीवाड़, डॉ. जी.एल. डावर, डॉ. एस.एच. जाफरी, डॉ. मनीष रघुवंशी सहित महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान