कलेक्टर के मार्गदर्शन में जनसहयोग से कन्या छात्रावास का कायाकल्प
________________
50 छात्राओं को मिला सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय परिसर, कन्या परिसर में हुआ स्थानांतरण
________________
शिक्षा के क्षेत्र में किया गया दान एफडी की तरह, जिसका पुण्य हमेशा मिलता है : एसडीएम अनिल जैन
________________
खरगोन 16 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के मार्गदर्शन में जनसहयोग, प्रशासनिक इच्छाशक्ति और विभागीय समन्वय से कसरावद के दोगावां रोड स्थित 50 सीटर कन्या छात्रावास का कायाकल्प किया गया है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित छात्रावास को अब कन्या परिसर के कैंपस में स्थानांतरित कर दिया गया है। शुक्रवार को छात्राओं ने फीता काटकर नए परिसर का उद्घाटन किया। छात्रावास के स्थानांतरण से यहां रहने वाली 50 छात्राओं को विद्यालय के समीप सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय सुविधा मिलेगी। साथ ही आवागमन की परेशानी कम होने के साथ छात्राओं को पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
डेढ़ से दो किलोमीटर दूर था पुराना छात्रावास
कसरावद एसडीएम श्री अनिल जैन ने बताया कि पूर्व में छात्रावास कन्या परिसर से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर संचालित हो रहा था। पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण छात्राओं को खेलकूद और अन्य गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छात्रावास को कन्या परिसर में स्थानांतरित करने की पहल की गई।
उन्होंने बताया कि कलेक्टर श्री प्रसाद के मार्गदर्शन में प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान छात्राओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षण में पुराने छात्रावास में खेल मैदान सहित कुछ बुनियादी सुविधाओं की कमी सामने आई। इसके बाद विभिन्न विभागों, इंजीनियरों, स्थानीय निकाय और समाजसेवियों के सहयोग से छात्रावास को कन्या परिसर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। प्रशासनिक पहल और जनसहयोग के समन्वय से छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास सफल हुआ।
सहयोगकर्ताओं और कर्मचारियों का किया सम्मान
छात्रावास के कायाकल्प और स्थानांतरण कार्य में सहयोग देने वाले समाजसेवी श्री संकेत गुजराती, श्री विजय बिरला, श्री विवेक मंडलोई और श्री जितेंद्र पाटीदार सहित विभागीय अधिकारियों, इंजीनियरों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के श्री गणेश कनेल, सर्व शिक्षा अभियान के इंजीनियर श्री तोमर तथा नगर परिषद के दरोगा श्री मुजफ्फर खान और सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना की गई।
शिक्षा में किया गया दान एफडी की तरह : एसडीएम
एसडीएम श्री अनिल जैन ने कहा कि जब इच्छाशक्ति के साथ किसी कार्य को करने का संकल्प लिया जाता है, तो सामूहिक प्रयासों से सफलता अवश्य मिलती है। शिक्षा के क्षेत्र में किया गया दान एक एफडी की तरह है। जब तक बच्चे पढ़ेंगे और उस सहयोग का लाभ लेते रहेंगे, तब तक दानदाता को उसका पुण्य मिलता रहेगा। उन्होंने जनसहयोग से किए गए इस कार्य को छात्राओं के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में डीपीसी श्री आनंद डाबर, बीईओ श्री बीएस निगवाल, बीआरसी श्री राजाराम कांदोडे, बीएसी श्री अजय कर्मा एवं छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती प्रमिला भूरिया उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone