जयंती पर धूमधाम से निकाली गई महाराज अग्रसेन की शोभायात्रा
भगवान द्वारिकाधीश और अग्रसेन महाराज के रथों पर हुई पुष्प वर्षा
कोंच। महाराज अग्रसेन जयंती पर रविवार को नगर में गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निकाली गई भव्य शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान द्वारिकाधीश महाराज, महाराज अग्रसेन और कुलदेवी लक्ष्मी के प्रति श्रद्धा भाव प्रकट किया। शोभायात्रा में महिलाएं, युवतियां और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। शोभायात्रा का शुभारंभ अग्रवाल भवन से हुआ। महिलाएं और युवतियां सिर पर आम्रपत्तों से सुसज्जित कलश रखकर चल रही थीं, जबकि पुरुष हाथों में ध्वज-पताकाएं लेकर महाराज अग्रसेन के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और महाराज अग्रसेन की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा लवली चौराहा, मानिक चौक, सर्राफा बाजार और रामगंज होते हुए सागर चौकी तिराहे पहुंची। यहां से चंदकुआं के रास्ते स्टेट बैंक होते हुए यात्रा पुनः अग्रवाल भवन पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद हवन-पूजन किया गया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। नगर पालिका कार्यालय पर पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता एवं सभासदों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। वहीं, नासिर पेट्रोल पंप पर राठौर समाज सेवा समिति ने यात्रा का स्वागत किया। समिति अध्यक्ष राजेश राठौर के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने जलपान की व्यवस्था की। इस दौरान दिलीप राठौर, पंकज राठौर, अनूप राठौर, सेठ सौरभ सहित अन्य युवाओं ने सहयोग किया। शोभायात्रा में अग्रवाल समाज के अध्यक्ष मनीष भदौरिया, पूर्व पालिकाध्यक्ष डॉ. सरिता आनंद, अनिल अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, रवींद्र अग्रवाल, अशोक अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के सैकड़ों लोग शामिल रहे।
Konch, Jalaun | Oct 11, 2026