प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा।
दिनांक : 22 अगस्त 2026
..........................................
अपर समाहर्ता ने राजस्व कार्यों की समीक्षा की, दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन मामलों के समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश
आज दिनांक 22 अगस्त 2026 को श्री राजीव रंजन कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता, नालंदा द्वारा राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक कर राजस्व विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन, फार्मर रजिस्ट्री, राजस्व महाअभियान तथा विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई।
अपर समाहर्ता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन से संबंधित मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है। सभी राजस्व कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता भी अविलंब सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दिया।
अपर समाहर्ता ने सभी राजस्व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों एवं परिवादियों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनते हुए संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का विधि-सम्मत समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान प्रोएक्टिव अप्रोच अपनाएं। यदि किसी ग्रामीण या आम नागरिक को यह जानकारी नहीं है कि किसी कार्य के लिए कौन-कौन से आवश्यक दस्तावेज चाहिए, तो उन्हें उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचते हुए उनके आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि राजस्व से संबंधित सेवाओं का लाभ आम लोगों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित कर्मी अपने दायित्वों का पूरी तत्परता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Agriculture, Government of Bihar
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Nalanda, Bihar | Aug 22, 2026