चुनाव से पहले सहसपुर में भाजपा को बड़ा झटका, कई जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने थामा कांग्रेस का हाथ
डॉ. हरक सिंह रावत की मौजूदगी में सुद्धोवाला में हुआ शक्ति प्रदर्शन, बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधान, पूर्व भाजपा पदाधिकारी और पूर्व सैनिक कांग्रेस में शामिल
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाते हुए भाजपा को बड़ा झटका देने का दावा किया है। सुद्धोवाला में उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की मौजूदगी में आयोजित कार्यकर्ताओं की रणनीतिक बैठक के दौरान भाजपा और अन्य दलों से जुड़े कई जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधान, भाजपा संगठन के पूर्व पदाधिकारी और भूतपूर्व सैनिक भी शामिल हैं। इस घटनाक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सहसपुर क्षेत्र में कांग्रेस की संगठनात्मक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
इस दौरान कुंजा ग्रांट की बीडीसी सदस्य श्रीमती दिलशाना ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा। उनके साथ धर्मावाला के ग्राम प्रधान इसफाक, टिमली के ग्राम प्रधान मोहम्मद आजम, उपप्रधान नदीम, शहवाज, भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री कुशवान, चूड़ा सिंह, सिकंदर, चंद्रमोहन, रिंकी राठी, मीनाक्षी पाल, सोनिया पाल, जमन सिंह रावत, दशरथ बिष्ट, बलम सिंह नेगी, बीना चौधरी, सुजाता, सीमा, अली फुरकान और नंद किशोर कुकरेती ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
वहीं, पूर्व सैनिकों में कैप्टन वीरेंद्र सिंह, कैप्टन जयदेव सिंह, कैप्टन शेर सिंह और महेश नेगी भी कांग्रेस में शामिल हुए।
डॉ. हरक सिंह रावत ने पार्टी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, चुनावी रणनीति और संगठन के विस्तार को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के सुझाव लेने और उन्हें जिम्मेदारियां सौंपने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
चुनाव से पहले सहसपुर में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम ने क्षेत्र का सियासी तापमान बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि कांग्रेस में हुए इस नए राजनीतिक जुड़ाव का आगामी विधानसभा चुनाव में कितना असर दिखाई देता है।