संतकबीरनगर में आबादी के पास दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग की 18 सदस्यीय टीम अलर्ट
संतकबीरनगर के बेलहर थाना क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सुरसा-चमनजोत जंगल के पास आबादी से सटे इलाके में तेंदुआ दिखाई देने के बाद लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों ने तेंदुए की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में कैद किए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया है और 18 सदस्यीय टीम को निगरानी व सर्च ऑपरेशन में लगाया गया है। देखिए यह खास रिपोर्ट।
संतकबीरनगर के बेलहर थाना क्षेत्र स्थित सुरसा-चमनजोत जंगल में पिछले कई दिनों से तेंदुआ देखे जाने की चर्चा थी। अब ग्रामीणों द्वारा कैद की गई तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ आबादी के नजदीक कई बार दिखाई दिया है। शाम होते ही लोग घरों में रहने लगे हैं और बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द रेस्क्यू अभियान चलाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की। विभाग ने 18 सदस्यीय टीम को लगातार निगरानी और सर्च ऑपरेशन में लगाया है।
वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों से कहा गया है कि रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, बच्चों पर विशेष नजर रखें और घरों के बाहर रोशनी व आग की व्यवस्था बनाए रखें।
फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण जल्द से जल्द तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़े जाने की मांग कर रहे हैं।