वीबी जी राम जी योजना अंतर्गत पंच-सरपंच सम्मेलन आयोजित
योजना के तहत ग्रामीण विकास के सभी प्रावधान-सांसद
-----
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी जी राम जी योजना अंतर्गत आयोजित पंच-सरपंच सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रो में चहुमुखी विकास किया जा सकता है, इसके तहत कई प्रावधान किये गये है, जिसमें जल संरक्षण से लेकर खेत-सडक तक के कार्य लिये जा सकते है।
निषादराज भवन में आयोजित उक्त कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण, पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीरज जाट, जनपद अध्यक्ष कराहल श्रीमती बत्तो बाई आदिवासी, जिला पंचायत सदस्य श्री गिरधारी बैरवा, भाजपा जिला महामंत्री श्री अरविंद जादौन, श्री परीक्षित धाकड, श्री पूरण आर्य, सीईओ जनपद श्री अभिषेक त्रिवेदी सहित पंचायतों के सरपंच, पंच आदि उपस्थित थे।
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा 40 और केन्द्र सरकार द्वारा 60 प्रतिशत राशि प्रदाय किये जाने का प्रावधान किया गया है, जिससे पक्के स्टेक्चर भी बनाये जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग खेत सडक को लेकर होती है, उसका भी निदान इस योजना के तहत आसानी से हो जायेगा। उन्होंने सभी सरपंचों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से आव्हान किया कि योजना के तहत लोगों को रोजगार प्रदान किया जायें तथा इस योजना के माध्यम से गांव के विकास के लिए अधोसंरचना विकसित करने के कार्य किये जायें।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीरज जाट ने कहा कि वीबी जी राम जी योजना के तहत एक वर्ष में ग्रामीण रोजगार की 125 दिवस रोजगार की गारंटी दी गई है। इस योजना में भुगतान को समयबद्ध और पारदर्शी बनाया गया है। इसके अंतर्गत तालाब निर्माण, स्टॉप डैम सहित अन्य कार्य किये जा सकेगे।
सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल ने कार्यक्रम की शुरूआत में योजना के संबंध में अवगत कराते हुए कहा कि इस योजना में 4 प्रकार के कार्यो के क्रियान्वयन का प्रावधान किया गया है, जिसमें 313 प्रकार के कार्य शामिल है। उन्होंने जानकारी दी कि योजना के तहत जल सुरक्षा से संबंधित 107 प्रकार के विभिन्न कार्य किये जा सकेंगे, कोर रूरल इंफ्रास्ट्रेक्चर से संबंधित 90 प्रकार के ग्रामीण आजीविका से संबंधित 86 प्रकार के तथा विभिन्न प्रकार की आपदाओं के समय राहत पहुंचाने हेतु 35 प्रकार के कार्यो को शामिल किया गया है। इस योजना से ग्रामीण क्षेत्र में स्थाई परिसंपत्तियों का निर्माण कराया जा सकता है तथा जन उपयोगी कार्यो को किया जा सकता है। जल सुरक्षा के तहत जल संचयन और जल संरक्षण से संबंधित कार्य भी इसमें लिये गये है। इसके साथ ही सडक और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यो से ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन वीबी जीरामजी के परियोजना अधिकारी श्री विक्रम जाट द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन सीईओ जनपद श्री अभिषेक त्रिवेदी ने व्यक्त किया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026